भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) भेजने के लिए एक्सिओम मिशन-4 की तैयारी शुरू हो गई है। भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 29 मई को फ्लोरिडा से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरेंगे। वह एक्सिओम मिशन-4 (Ax-4) का हिस्सा हैं, जो ISS के लिए भेजा जाने वाला चौथा निजी अंतरिक्ष मिशन है। वह, ISS पर 14 दिन के प्रवास के दौरान 7 प्रयोग करेंगे, जिसमें फसल उगाना और अंतरिक्ष में वॉटर बीयर्स के बारे में स्टडी करना शामिल है।
इसरो, अपने पहले मानव मिशन गगनयान की तैयारी को तेज कर रहा है और ISS पर अपने पहले माइक्रोग्रैविटी प्रयोगों को ध्यान से तैयार कर रहा है।
लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर काम
इसरो के तुषार फडनीस ने कहा कि, ये सभी प्रयोग लंबे समय तक चलने वाले अंतरिक्ष मिशनों में काम आएंगे। इनमें साइनोबैक्टीरिया और सूक्ष्म शैवाल का अध्ययन शामिल है, जिससे लाइफ सपोर्ट सिस्टम बेहतर बनाए जा सकें। इसके अलावा, अंतरिक्ष में इंसानों के अनुकूलन के लिए दिल से जुड़े रिसर्च, गर्मी के असर, पौधों की बढ़त और बीज अंकुरण पर भी प्रयोग होंगे। इससे यह समझा जाएगा कि अंतरिक्ष में जैविक चीजें कैसे बदलती हैं। साथ ही, भविष्य के अंतरिक्ष यात्रियों के लिए भारत के हिसाब से खास अंतरिक्ष भोजन भी तैयार किया जाएगा।
29 मई को स्पेस जाएंगे शुभांशु
यह पहली बार है जब इसरो नासा के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर वैज्ञानिक काम करेगा। चार लोगों वाली एक्सिओम मिशन-4 की उड़ान 29 मई को रात 10:33 बजे फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से होगी और यह मिशन 14 दिन तक धरती के लोअर ऑर्बिट में रहेगा। गगनयान के लिए चुने गए भारतीय वायु सेना के अधिकारी ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला इस मिशन में स्पेस एक्स का यान उड़ाएंगे।
भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की मुहीम
आने वाला यह मिशन इसरो की उस योजना का हिस्सा है, जिसका मकसद अंतरिक्ष में इंसानों की स्थायी और लगातार मौजूदगी बनाना है। इसकी शुरुआत अगले दो साल में गगनयान मिशन से होगी और 2035 तक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (BAS) बनाने का लक्ष्य है। इसरो भारत में माइक्रोग्रैविटी रिसर्च को भी बढ़ावा देना चाहता है। हाल के जो प्रयोग चुने गए हैं, वे देशभर की अलग-अलग रिसर्च लैब से आए प्रस्तावों में से चुने गए हैं और इन्हें विशेषज्ञों की टीम ने ध्यान से जांचा है।
वैज्ञानिक अंतरिक्ष में मांसपेशियों की कमजोरी और अंतरिक्ष यात्रियों पर कंप्यूटर स्क्रीन के असर का पता लगाना चाहते हैं। इससे आगे चलकर ऐसे कंप्यूटर बनाए जा सकेंगे, जो अंतरिक्ष में आसानी से इस्तेमाल हो सकें। इसके अलावा, वे टार्डिग्रेड्स नाम के छोटे जीवों का भी अध्ययन करेंगे ताकि समझा जा सके कि ये बेहद मुश्किल हालात में कैसे जिंदा रहते हैं। यह रिसर्च भविष्य की अंतरिक्ष यात्रा और जैव तकनीक के लिए फायदेमंद हो सकती है।
खाने चीजें उगाने पर भी जोर
दिलचस्प बात यह है कि इसरो भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों के लिए भरोसेमंद खाना उगाने की कोशिश भी कर रहा है। इसके लिए वे यह देखेंगे कि बिना गुरुत्वाकर्षण (microgravity) में बीज कैसे अंकुरित होते हैं और कैसे बढ़ते हैं। साथ ही यह भी जांचा जाएगा कि कई पीढ़ियों तक उनके जीन पर क्या असर होता है। इसरो के एक सीनियर वैज्ञानिक ने बताया कि, मेथी जैसे औषधीय पौधों के बीजों पर भी प्रयोग होंगे ताकि पता चले कि वे अंतरिक्ष में कैसे व्यवहार करते हैं। बाद में इन बीजों को धरती पर लाकर देखा जाएगा कि उन पर क्या असर पड़ा। यह रिसर्च भविष्य में अंतरिक्ष में खेती और खाने-पीने की तैयारी में काम आएगी।
इसरो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की मौजूदा रिसर्च सुविधाओं और सुरक्षा नियमों का इस्तेमाल करेगा। इससे गगनयान मिशन के लिए नए प्रयोग तैयार करने में मदद मिलेगी। क्योंकि यह मिशन कम समय का है और इंसानों की अंतरिक्ष यात्रा से जुड़ी सीमाएं हैं, इसलिए वैज्ञानिकों ने कहा कि उन्हें ऐसे प्रयोग चुनने होंगे जो जल्दी तैयार हो सकें, पूरी तरह से सही हों और समय पर पूरे हो सकें।
एक्सिओम स्पेस की मुख्य वैज्ञानिक डॉ. लूसी लो ने कहा कि, अंतरिक्ष में रिसर्च करना बहुत मुश्किल होता है, क्योंकि वहां सब कुछ धरती से अलग तरीके से काम करता है। जो काम हमें स्कूल या लैब में आसान लगता है, वही अंतरिक्ष में बहुत जटिल हो जाता है। वैज्ञानिकों को हर कदम को वहां के हिसाब से बदलना पड़ता है। काम भले ही सीधा दिखे, लेकिन वह तकनीकी रूप से कठिन होता है। फिर भी यह काम करने में मजेदार और फायदेमंद दोनों होता है।
60 वैज्ञानिक रिसर्च और एक्टिविटीज़ शामिल
AX-4 मिशन में कुल 60 वैज्ञानिक रिसर्च और एक्टिविटीज़ होंगी, जिनमें अमेरिका, भारत समेत 31 देशों के लोग हिस्सा लेंगे। इस मिशन में भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुक्ला पायलट होंगे। मिशन की कमान एक्सिओम स्पेस की पैगी व्हिटसन संभालेंगी, जो पहले नासा की अंतरिक्ष यात्री रह चुकी हैं। इनके साथ दो और मिशन एक्सपर्ट भी होंगे — पोलैंड के स्लावोज़ उज़्नान्स्की और हंगरी के टिबोर कपू, जो पहली बार अंतरिक्ष स्टेशन पर जा रहे हैं।
from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/9Pv3Sqb
via
No comments:
Post a Comment