Sunday, January 12, 2025

Chartist Talks: अगले हफ्ते इन चार स्टॉक्स पर बुलिश हैं जाने-माने एक्सपर्ट सुदीप शाह

एसबीआई सिक्योरिटीज (SBI Securities) के सुदीप शाह यूनो मिंडा (Uno Minda) और विजया डायग्नोस्टिक सेंटर (Vijaya Diagnostic Centre) पर बुलिश हैं। मनीकंट्रोल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'यूनो मिंडा डेली स्केल पर हॉरिजेंटल ट्रेंडलाइन ब्रेकआउट देने के कगार पर हैं और फिलहाल यह शॉर्ट और लॉन्ग टर्म मूविंग एवरेज से ऊपर ट्रेड कर रहा है।'

सूचकांकों में गिरावट के बावजूद विजया डायग्नोस्टिक ऑल टाइम हाई पर कारोबार कर रहा है। उनका मानना है कि तमाम मूविंग एवरेज और मोमेंटम आधारित इंडिकेटर्स इस स्टॉक में मजबूत बुलिश मोमेंटम जारी है। इसके अलावा, वह मैरिको और बजाज फिनसर्वे पर भी बुलिश हैं। एसबीआई सिक्योरिटीज में टेक्निकल एंड डेरिवेटिव रिसर्च के हेड ने बताया, 'दोनों कंपनियों के शेयरों की परफॉर्मेंस दोनों प्रमुख शेयर सूचकांकों के मुकाबले काफी बेहतर है।'

यह पूछे जाने पर क्या निफ्टी (Nifty) और बैंक निफ्टी (Bank Nifty) फिर से 4 जून 2024 (लोकसभा चुनाव नतीजों का दिन) के निचले स्तर पर पहुंच सकते हैं, शाह का कहना था कि दो हफ्तों के कंसॉलिडेशन के बाद बेंचमार्क निफ्टी (Nifty) में गिरावट का दौर शुरू हुआ है और पिछले हफ्ते इसमें 2 पर्सेंट से भी ज्यादा की गिरावट रही और यह 23,500 के नीचे बंद हुआ। इस गिरावट की वजह से वीकली चार्ट में यह सूचकांक बेयरिश कैंडल बना रहा है। पिछले 3 ट्रेडिंग सेशन से यह इंडेक्स 200 दिनों के EMA से नीचे कारोबार कर रहा है।

उनके मुताबिक, 23,260-23,200 का लो जोन इस इंडेक्स के लिए अहम सपोर्ट लेवल के तौर पर काम करेगा। अगर यह इंडेक्स 23,200 से नीचे पहुंच जाता है, तो इसमें और करेक्शन देखने को मिल सकता है और यह 22,800 के लेवल पर पहगुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां तक ऊपर की तरफ का मामला है, तो 200 दिनों का EMA जोन (23,670-23,700) इंडेक्स के लिए अहम रेजिस्टेंस के तौर पर काम करेगा।

डिस्क्लोजर: मनीकंट्रोल पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए जिम्मेदार नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/BgFZfCk
via

Saturday, January 11, 2025

Sunteck Realty की बिक्री बुकिंग दिसंबर तिमाही में 40% बढ़ी, जानिए कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन

Sunteck Realty share: रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनी सनटेक रियल्टी की बिक्री बुकिंग मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही के दौरान 40 फीसदी बढ़कर 635 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी को मांग में तेजी से फायदा हो रहा है। कंपनी ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी है।। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी की बिक्री बुकिंग 455 करोड़ रुपये थी। कंपनी के शेयरों में बीते शुक्रवार को 3.16 फीसदी की गिरावट आई है और यह स्टॉक BSE पर 478.90 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 7,015 करोड़ रुपये है।

तिमाही आधार पर सनटेक रियल्टी की प्री-सेल्स में वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही के 524 करोड़ रुपये की तुलना में 21.18 फीसदी की वृद्धि हुई। वित्त वर्ष 25 की तीसरी तिमाही में कलेक्शन 336 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 23.29% और तिमाही आधार पर 25.84% अधिक है।

वित्त वर्ष 2024-25 की अप्रैल-दिसंबर अवधि में सनटेक रियल्टी की बिक्री बुकिंग 34 फीसदी बढ़कर 1661 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले की समान अवधि में इसकी बिक्री बुकिंग 1237 करोड़ रुपये थी। मुंबई स्थित सनटेक रियल्टी देश के लीडिंग रियल एस्टेट डेवलपर्स में से एक है। कंपनी 32 प्रोजेक्ट्स में फैले लगभग 52.5 मिलियन वर्ग फीट के सिटी-सेंट्रिक डेवलपमेंट पोर्टफोलियो पर फोकस करती है।

सनटेक रियल्टी के शेयरों का 52-वीक हाई 698.35 रुपये और 52-वीक लो 379.90 रुपये है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 5 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है। वहीं, पिछले 6 महीने में यह स्टॉक करीब 16 फीसदी टूट चुका है। पिछले एक साल में इसने महज 4 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले 4 साल में इसके निवेशकों को महज 29 फीसदी का मुनाफा हुआ है।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/VLcld50
via

Friday, January 10, 2025

Industrial Production: औद्योगिक उत्पादन नवंबर में 5.2% बढ़ा, पहुंचा 6 महीने के हाई पर

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के बेहतर प्रदर्शन से देश में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर नवंबर 2024 में बढ़कर 5.2 प्रतिशत रही। यह 6 महीने का हाई है। 10 जनवरी को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) के मामले में मापे जाने वाले औद्योगिक उत्पादन की ग्रोथ नवंबर 2023 में 2.5 प्रतिशत रही थी। अक्टूबर 2024 में औद्योगिक उत्पादन 3.5 प्रतिशत की दर से बढ़ा था। नवंबर लगातार तीसरा महीना रहा, जब औद्योगिक उत्पादन में बढ़त दर्ज की गई।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के आंकड़ों के अनुसार, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का उत्पादन नवंबर 2024 में 5.8 प्रतिशत बढ़ा। एक साल पहले नवंबर में यह 1.3 प्रतिशत था। नवंबर 2024 में खनन उत्पादन में 1.9 प्रतिशत और बिजली उत्पादन में 4.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। चालू वित्त वर्ष 2024-25 में अप्रैल-नवंबर के दौरान IIP में 4.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो एक वर्ष पूर्व इसी अवधि में 6.5 प्रतिशत थी।

नवंबर में कोर सेक्टर का उत्पादन घटा

नवंबर 2024 में 8 प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर्स यानि कोर सेक्टर का उत्पादन घटकर 4.3 प्रतिशत रह गया। पिछले साल इसी महीने में कोर सेक्टर ने 7.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी। कोर सेक्टर में कोयला, कच्चा तेल, नेचुरल गैस, रिफाइनरी प्रोडक्ट्स, फर्टिलाइजर, स्टील, सीमेंट और इलेक्ट्रिसिटी आते हैं। ये 8 प्रमुख कोर सेक्टर, IIP में 40.27 प्रतिशत का योगदान देते हैं।

SBI ने भारत के ग्रोथ रेट अनुमान में की कटौती, FY25 में 6.3% रह सकती है विकास दर



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/KlSd0DR
via

Budget 2025 Expectations: नियमों को आसान करें सरकार, जानिए रेस्टोरेंट इंडस्ट्री की और क्या है वित्त मंत्री से मांगे

बजट 2025 से जायके की दुनिया की उम्मीदें जुड़ी है । रेस्टोरेंट और पब मालिक परमिट और लाइसेंसिंग के नियमों को आसान करने की मांग कर रहे हैं । किसी अच्छे रेस्टोरेंट में खाना जितना आसान लगता है उस रेस्टोरेंट को चलाना आज भी एक पेचीदा काम है ।  पिछले कई साल से रेस्टोरेंट  चला रहीं परमजीत कौर अब इन लाइसेंस और परमिट के जाल से इतनी परेशान हो चुकी हैं कि कई बार वे इस बिजनेस को बंद करने की सोचती हैं । लेकिन सालों की मेहनत से बनाए अपने ब्रांड को भी बचाए रखना चाहती है।

यह दर्द देश के अधिकतर रेस्टोरेंट और पब मालिकों का है , खास तौर पर तब अगर आपको बार का लाइसेंस भी लेना पडे। जानकारों के अनुसार पब और रेंस्टोरेंट के लिए सिर्फ परमिट और लाइसेंस की फीस साल भर में 22 लाख के करीब है । लेकिन इससे भी ज्यादा तकलीफ लंबी कागजी कार्रवाई की वजह से होती है ।

नेशनल  रेंस्टोरेंट एसोसिशन ऑफ इंडिया की बजट विशलिस्ट में आसान परमिट के अलावा कई और मांगे हैं। इतनी बड़ी इंडस्ट्री होने के बावजूद, रेस्तरां सेक्टर को अभी तक इंडस्ट्री का दर्जा नहीं मिला है। इससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता।

रेस्तरां मालिक चाहते हैं कि सेवा निर्यात योजना (SEIS) को फिर से शुरू किया जाए और इससे विदेशी मुद्रा में जो मुनाफा होता है, उस पर 5% ड्यूटी क्रेडिट दिया जाए।

सरकार उन्हें सस्ती बिजली, कचरा प्रबंधन, और सस्ते कर्ज की सुविधा दे।कर्मचारियों के वेलफेयर और सोशल सिक्योरिटी के लिए भी रेस्तरां मालिक सरकार की तरफ देख रहें हैं। कुछ मांगे GST को लेकर हैं लेकिन ये GST इसे मानना GST काउंसिल के हाथ में है।

बदलती अर्थव्यवस्था को देखते हुए रेस्तरां चाहते हैं कि उन्हें 24 घंटे काम करने की इजाजत मिलें। लेकिन सबसे बड़ी मांग नियमों का आसान करना ही है ।

Edible Oil Sector Budget Expectations: सोयाबीन के दाम MSP से नीचे, इंडस्ट्रीज को बजट से क्या हैं उम्मीदें



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/R3mGbIa
via

Thursday, January 9, 2025

महज 6 दिनों में 132 पर्सेंट तक चढ़ गया यह SME स्टॉक, BSE ने घटाया सर्किट लिमिट

एमएसएमई (MSME) यूनिट टॉस द कॉइन (Toss The Coin) के शेयरों में 9 जनवरी को अपर सर्किल लग गया। इस दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में कंपनी का शेयर 5 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 842.55 रुपये पर बंद हुआ। पिछले तीन दिनों में इस MSME कंपनी के शेयरों में 21 पर्सेंट की बढ़ोतरी देखने को मिली है। शेयर बाजार में कंपनी की लिस्टिंग 16 दिसंबर 2024 को हुई थी और उसके बाद इसके शेयरों में 132 पर्सेंट की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है।

कंपनी का शेयर 182 रुपये के इश्यू प्राइस के बाद तेजी से चढ़कर 363 रुपये पर लिस्ट हुआ। स्टॉक एक्सचेंज द्वारा सर्किट लिमिट कम करने के बावजूद कंपनी के शेयरों में तेजी का सिलसिला जारी है। टॉस द कॉइन के शेयरों में तेजी को लेकर कंपनी ने 6 जनवरी को स्पष्टीकरण भी जारी किया था। कंपनी का कहना था, ‘ कंपनी के शेयरों की कीमतों में तेजी शुद्ध रूप से बाजार की गतिविधियों पर आधारित है और कंपनी का इस मामले में न तो कोई नियंत्रण है और न ही इसकी वजहों के बारे में किसी तरह की जानकारी है।’

स्टॉक एक्सचेजों ने 1 जनवरी 2025 से टॉस द कॉइन का प्राइस बैंड 5 पर्सेंट से बढ़ाकर 20 पर्सेंट कर दिया था। हालांकि, 3 जनवरी 2025 से बीएसई ने प्राइस बैंड में बदलाव कर इसे 10 पर्सेंट कर दिया था। इसके बाद 8 जनवरी 2025 से इसे घटाकर फिर से 5 पर्सेंट कर दिया था।

फिलहाल, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में टॉस द कॉइन की ट्रेडिंग “MT” ग्रुप के तहत हो रही है। BSE में SME शेयरों की लिस्टिंग "M" ग्रुप और “MT” ग्रुप के तहत है। टॉस द कॉइन एक मार्केटिंग कंसल्टिंग फर्म है, जो B2B टेक्नोलॉजी कंपनियों को कस्टमाइज्ड सॉल्यूशंस और एक्सपर्ट कंसल्टिंग सर्विसेज के जरिये आगे बढ़ने में मदद करती है। कंपनी सभी तरह की टेक इकाइयों के लिए मार्केट स्ट्रैटेजी तैयार करती है।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/peDjFRc
via

Wednesday, January 8, 2025

Poonam Dhillon : इस फेमस बॉलीवुड एक्ट्रेस के घर पेंटिंग करने पहुंचा शख्स, आलमारी खुला देख हीरे के हार पर किया हाथ साफ

Bollywood Actress Poonam Dhillon Robbed : बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्रियों में से एक पूनम ढिल्लों को लेकर बुधवार को एक बड़ी खबर आई है। गुजरे जमाने की फेमस एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों के घर में चोरी की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एक्ट्रेस के मुंबई स्तिथ घर पर लाखों रुपयों की चोरी हो गई है। एक्ट्रेस के घर से लगभग 1 लाख रुपये का हीरे का हार, 35,000 रुपये नकद और कुछ अमेरिकी डॉलर चोरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात ये है कि चोरी करने वाला कोई और नहीं बल्कि उनके घर में पेंटिग करने आए शख्स ही निकला। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

ये शख्स निकला चोर

पूनम ढिल्लों के मुंबई के खार स्थित घर में रंगाई-पुताई का काम करने वाले कारीगर आया था। उसने मौका देख कीमती सामान पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने आरोपी समीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। चोर ने उनके घर से एक हीरे का हार, जिसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक थी, और ₹35,000 नकद के साथ लगभग 500 अमेरिकी डॉलर (₹42,923) चुराए थे। पुलिस ने इस मामले में 37 वर्षीय समीर अंसारी को गिरफ्तार किया, जो पेंटिंग क्रू में काम कर रहा था। अंसारी ने चोरी करने के बाद ₹9,000 खर्च कर अपने साथियों के लिए पार्टी भी की थी।

चोरी के बाद की पार्टी

पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी समीर अंसारी 28 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच पूनम ढिल्लों के घर पर पेंटिंग का काम कर रहा था। उसने खुली अलमारी का फायदा उठाकर चोरी की और चोरी किए पैसों से पार्टी भी की। पूनम ढिल्लों आमतौर पर जुहू में रहती हैं, लेकिन वह अक्सर खार स्थित अपने बेटे अनमोल के घर पर समय बिताती हैं। यह चोरी तब सामने आई जब पूनम की मां, पूनम ढिल्लों के बेटे अनमोल ने 5 जनवरी को अपने घर लौटकर देखा कि कुछ सामान गायब हैं। इसके बाद पूनम के प्रबंधक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई और अंसारी से पूछताछ करने पर उसने चोरी का आरोप स्वीकार किया। वर्क फ्रंट की बात करें तो, पूनम ढिल्लों ने हाल ही में 'जय मम्मी दी' फिल्म में काम किया था और 2021 में डिज़्नी+ हॉटस्टार के सीरीज़ 'दिल बेकरार' में भी नजर आई थीं।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/yK3BGVA
via

Tuesday, January 7, 2025

Income Tax: क्या आपको जुलाई 2024 में टैक्स में रिबेट नहीं मिला था? आप 15 जनवरी तक रिवाइज ITR फाइल कर रिबेट क्लेम कर सकते हैं

ऐसे टैक्सपेयर्स के लिए अच्छी खबर है, जो जुलाई 2024 में इनकम टैक्स के सेक्शन 87ए के तहत रिबेट क्लेम नहीं कर सके थे। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा है कि वह आईटीआर 2 और आईटीआर 3 के लिए टैक्स रिटर्न-फाइलिंग यूटिलिटीज को जल्द अपडेट करेगा। इसके बाद जो टैक्सपेयर्स जुलाई 2024 में रिबेल का फायदा नहीं उठा सके थे वे रिबेट क्लेम कर सकेंगे।

इनकम टैक्स की नई और पुरानी रीजीम में स्पेशल रिबेट

इनकम टैक्स की ओल्ड रीजीम (Income Tax Old Regime) के तहत ऐसे टैक्सपेयर्स जिनकी सालाना इनकम 5 लाख रुपये तक है वे 12,500 रुपये के रिबेट के हकदार हैं। जो टैक्सपेयर्स इनकम टैक्स की नई रीजीम का इस्तेमाल करते हैं उन्हें 25,000 रुपये तक के रिबेट की इजाजत है। पिछले साल जुलाई में इनकम टैक्स रिटर्न फाइलिंग के दौरान ऐसे कई टैक्सपेयर्स थे जिन्हें रिबेट का फायदा नहीं मिल सका था। उदाहरण के लिए अगर किसी टैक्सपेयर की सैलरी से इनकम 5 लाख रुपये थी और FY24 में शेयरों की बिक्री से 2 लाख रुपये का शॉर्ट टर्म कैपिटल गेंस हुआ था तो वह सेक्शन 87ए के तहत टैक्स रिबेट का हकदार था।

कई टैक्सपेयर्स जुलाई में स्पेशल रिबेट क्लेम नहीं कर सके थे

ऐसे टैक्सपेयर ने अगर 5 जुलाई, 2024 से पहले रिटर्न फाइल किया था तो उसे रिबेट का फायदा मिला था। लेकिन, 5 जुलाई के बाद सॉफ्टवेयर अपडेट होने की वजह से ऐसे टैक्सपेयर्स को शॉर्ट टर्म कैपिटल गेंस पर रिबेट का फायदा नहीं मिला। इससे कुल इनकम के सैलरी वाले हिस्से पर उसे रिबेट का फायदा नहीं मिला था। इस बारे में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और टैक्सपेयर्स की गुजारिश के बाद भी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने किसी तरह की राहत नहीं दी थी। लेकिन, 20 दिसंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को राहत देने के लिए कम से कम 15 दिन की मोहलत देने को कहा था।

यह भी पढ़ें: HDFC Bank ने नए साल में करोड़ों ग्राहकों को दिया तोहफा! घटाया MCLR, कम होगी होम लोन EMI

बिलेटेड रिटर्न फाइलिंग की डेडलाइन 15 जनवरी तक बढ़ाई गई

बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने बिलेटेड और रिवाइज्ड रिटर्न फाइलिंग की डेडलाइन बढ़ाकर 15 जनवरी कर दी है। अब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा है कि वह आईटीआर 2 और आईटीआर 3 के लिए यूटिलिटीज जल्द अपडेट करेगा। इसका मतलब है कि जो टैक्सपेयर्स जुलाई 2024 में रिबेट का फायदा नहीं उठा सके थे, वे अब इसका फायदा 15 जनवरी तक उठा सकते हैं। लेकिन, यह ऑटोमैटिक नहीं होगा। टैक्सपेयर्स को इसके लिए 15 जनवरी तक अपने रिटर्न को रिवाइज करना होगा।

रिफंड मिलने के बाद भी रिटर्न कर सकते हैं रिवाइज

अगर आपका रिटर्न प्रोसेस हो चुका है और आपको रिफंड मिल गया है या आपने अतिरिक्त टैक्स चुकाया है तो भी आप 15 जनवरी तक अपने इनकम टैक्स रिटर्न को रिवाइज कर सकते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के बिलेटेड या रिवाइज रिटर्न फाइलिंग की डेट बढ़ाने से बड़ी संख्या में टैक्सपेयर्स को फायदा होगा।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/MKbcjGh
via