Saturday, March 7, 2026

नेपाल चुनाव पर पीएम मोदी का पहली प्रतिक्रिया, दोनों देशों के रिश्तों को लेकर कही ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नेपाल में हुए चुनाव के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन पर वहां की जनता और सरकार को बधाई दी। बता दें कि, इस समय नेपाल में नई सरकार के लिए वोटों की गिनती जारी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वे नेपाल के लोगों और सरकार को चुनाव सफल और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए दिल से बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि नेपाली लोगों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इतने उत्साह के साथ इस्तेमाल करते देखना खुशी की बात है।

पीएम मोदी ने बताया मील का पत्थर

पीएम मोदी ने इस चुनाव को नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह पल नेपाल के लिए गर्व का क्षण है। नेपाल में पिछले साल केपी शर्मा ओली की सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। इन प्रदर्शनों का नेतृत्व खास तौर पर युवा पीढ़ी (Gen Z) ने किया था और इसकी वजह सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध के साथ-साथ देस में फैले भ्रष्टाचार को लेकर था। इन विरोध प्रदर्शनों के बाद केपी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 12 सितंबर को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स को भंग कर दिया और सुशीला कार्की को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया।

'भारत-नेपाल साथ मिलकर करेंगे काम'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते बहुत खास हैं। उन्होंने कहा, “एक करीबी दोस्त और पड़ोसी के रूप में भारत, नेपाल के लोगों और उनकी नई सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य है कि दोनों देश मिलकर शांति, विकास और खुशहाली के नए मुकाम हासिल करें।” प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब नेपाल में हुए आम चुनावों में रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह की पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) बड़ी जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है। यह चुनाव उन बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद हो रहा है, जिनका नेतृत्व ज्यादातर Gen Z युवाओं ने किया था।

नेपाल में RSP का जलवा 

नेपाल के चुनाव आयोग के अनुसार, RSP अब तक 40 सीटें जीत चुकी है और करीब 80 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं नेपाली कांग्रेस ने अब तक 6 सीटें जीती हैं। इसके अलावा नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (NCP) और केपी शर्मा ओली की पार्टी CPN (UML) को फिलहाल दो-दो सीटें मिली हैं। नेपाल की 275 सदस्यीय हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए वोटों की गिनती जारी है। इसी बीच बालेंद्र शाह खुद झापा निर्वाचन क्षेत्र-5 में केपी शर्मा ओली से 38,000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। RSP ने खास तौर पर काठमांडू घाटी में शानदार प्रदर्शन किया है। पार्टी ने काठमांडू जिले की सभी 10 सीटें, भक्तपुर की 2 सीटें और ललितपुर की 1 सीट जीत ली है, जिससे उसकी स्थिति और मजबूत हो गई है।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/6jvTeiu
via

No comments:

Post a Comment