Sunday, January 11, 2026

टी20 वर्ल्ड कप से पहले मोहसीन नकवी ने चली बड़ी चाल! बांग्लादेश के मैच के लिए दिया ये ऑफर

भारत-बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में फिलहाल कड़वाहट देखने को मिल रही है। मुस्ताफिजुर रहमान की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से छुट्टी के बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले खेलने से इनकार कर दिया है। वहीं इस पूरे विवाद में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) भी बीच में कूद पड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साल 2026 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान बांग्लादेश के मैचों की मेज़बानी करने में रुचि दिखाई है।

मोहसीन नकवी की बड़ी चाल

रिपोर्ट के मुताबिक, जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने यह साफ किया कि वह इस बड़े टूर्नामेंट के लिए भारत नहीं जाना चाहता, तब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने स्टेडियम को एक विकल्प के तौर पर पेश किया। बताया जा रहा है कि BCB इस मामले को लेकर ICC से लगातार बातचीत कर रहा है। बांग्लादेश बोर्ड ने भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई है। इस बीच, ICC के चेयरमैन जय शाह इस समय मुंबई में मौजूद हैं। वह ICC के अन्य अधिकारियों के साथ BCCI के दफ्तर में अहम बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में वर्ल्ड कप से जुड़े सभी संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

ICC ने नहीं दिया कोई जवाब

बांग्लादेश को अपने ग्रुप स्टेज के पहले तीन मैच कोलकाता में और आखिरी मैच मुंबई में खेलना है। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, ICC ने फिलहाल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मैचों का वेन्यू बदलने की मांग को मंज़ूरी नहीं दी है। हालांकि, बांग्लादेश बोर्ड इस मुद्दे पर पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहा। फिर भी, टूर्नामेंट के बहिष्कार तक बात जाएगी या नहीं, यह कहना अभी मुश्किल है।

 मुस्तफिज़ुर रहमान के बैन से उठा विवाद

बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद आईपीएल 2026 की नीलामी के दौरान शुरू हुआ। नीलामी में केकेआर ने बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके बाद रहमान को कुछ धार्मिक नेताओं और नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पर लगातार निशाना बनाया गया। बांग्लादेश में हिंदू अल्पंख्यकों के खिलाफ हिंसा की खबरों के बाद भारत में बांग्लादेश विरोधी माहौल बनने की बात कही गई, और इसी को लेकर सार्वजनिक तौर पर भी हमले किए गए। इसी वजह से यह मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया।

जनवरी की शुरुआत में हालात तब और ज्यादा बिगड़ गए, जब BCCI ने केकेआर को बांग्लादेशी गेंदबाज़ मुस्तफ़िज़ुर रहमान को टीम से रिलीज़ करने का निर्देश दिया। BCCI ने इसके पीछे “हाल के घटनाक्रम” का हवाला दिया, लेकिन कोई साफ वजह नहीं बताई। KKR ने इस आदेश को मान लिया और कहा कि यह IPL रेगुलेटर का फैसला है। इसे एक असाधारण कदम माना गया, क्योंकि आमतौर पर आईपीएल में सीजन के इतना करीब खिलाड़ी का कॉन्ट्रैक्ट खत्म नहीं किया जाता। इस फैसले से बांग्लादेश में नाराज़गी फैल गई। पूर्व क्रिकेटरों BCB और सरकारी अधिकारियों ने इसे मनमाना और राजनीति से प्रेरित बताया। प्रतिक्रिया के तौर पर ढाका ने IPL के टीवी प्रसारण पर अनिश्चित समय के लिए रोक लगा दी।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/V2JdUFb
via

No comments:

Post a Comment