Tuesday, June 11, 2024

एक हीरो, एक हिरोइन और एक मर्डर... कन्नड़ एक्टर दर्शन पर क्यों लगा है हत्या का आरोप, किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं ये वारदात

रील लाइफ के हीरो पर रियल लाइफ में मर्डर का आरोप! फेमस कन्नड़ एक्टर दर्शन थुगुदीपा पर हत्या का संगीन आरोप लगा है। एक्टर को बेंगलुरु पुलिस ने 11 जून को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। अभिनेता को मैसूर के होटल से उठाया गया था और पुलिस ने बाद में उन्हें आगे की पूछताछ के लिए बेंगलुरु भेज दिया। ये पूरा मामला किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है, जिसमें सस्पेंस भी है, थ्रिल भी है और सबसे बड़ी बात ये कि इसके तार किसी सेलिब्रिटी से जुड़े हैं।

पहले आप इस पूरी वारदात के सबसे बड़े किरदार दर्शन थुगुदीपा के बारे में जान लें। जिन्हें दर्शन के नाम से जाना जाता है और सैंडलवुड के सबसे प्रमुख सितारों में से एक हैं। उनके पिता श्रीनिवास अपने समय के एक लोकप्रिय अभिनेता थे और उनके भाई दिनाकर एक डायरेक्टर हैं।

दर्शन ने 1997 में आई फिल्म 'महाभारत' से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। 27 साल के फिल्मी करियर में, उन्होंने 75 से ज्यादा फिल्मों में एक्टिंग की है। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा सफलता 2001 की एक्शन क्राइम थ्रिलर 'मैजेस्टिक' से मिली।

अब आते हैं रील लाइफ से रियल लाइफ पर... तो ये पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब रविवार को चित्रदुर्ग जिले के रहने वाले 47 साल के रेनुकास्वामी नाम के एक शख्स का शव पुलिस को कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन के पास एक नाले में मिला। रेनुकास्वामी पिछले दो महीनों से लपाता था और घर वालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

हत्या से दर्शन का क्या संबंध?

अब समझते हैं कि रेनुकास्वामी की हत्या के मामले से कन्नड़ एक्टर का क्या संबंध है। आरोप है कि रेनुकास्वामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में एक फिल्म एक्ट्रेस पवित्रा गौड़ा के खिलाफ कुछ अपमानजनक टिप्पणी की थी। कई रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि शुरुआती जांच में पता चला कि रेणुकास्वामी ने गौड़ा को अश्लील मैसेज भी भेजे थे।

कहानी में आगे बढ़ने से पहले ये भी जानना जरूरी है कि पवित्रा गौड़ा कौन हैं। दरअसल पवित्रा गौड़ा और एक्टर दर्शन के बीच काफी नजदीकी संबंध हैं। कई रिपोर्ट्स में पवित्रा को दर्शन की दूसरी पत्नी बताया गया, तो किसी में दोनों को काफी अच्छा दोस्त कहा जा रहा है।

दर्शन ने रेणुकास्वामी को बेंगलुरु बुलाया

अब कहानी में आगे आते हैं। सूत्रों ने बताया कि पवित्रा ने रेणुकास्वामी की इस हरकत की शिकायत दर्शन से की। इस पर दर्शन ने कथित तौर पर अपने एक साथी विनय से कहा कि वो रेणुकास्वामी को बेंगलुरु लेकर आए।

उसके बाद उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया और मार डाला गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबित, आठ आरोपियों ने ये दावा किया कि रेणुकास्वामी पर हमले के दौरान दर्शन भी वहां मौजूद थे। कथित तौर पर पीड़ित को लकड़ी के लट्ठों से मारा पीटा गया था।

कुत्ते शव को नोंच रहे थे

अपराधियों का इरादा शव को वृषभावती घाटी में ठिकाने लगाने का था, लेकिन शव फंसा हुआ था और कुत्ते उसको नोंच रहे थे। इसलिए उसे नाले में फेंक दिया गया।

शव को करीब दो महीने पहले पुलिस स्टेशन के पास, कामाक्षीपाल्या में एक नाले में फेंक दिया गया था। हत्या कथित तौर पर पट्टानगेरे में एक कार शेड में की गई थी, जो आरोपियों में से एक के चाचा की है।

नाले में शव मिलने के बाद पुलिस ने चित्रदुर्ग में दर्ज एक गुमशुदगी की शिकायत से इसके तार जोड़े, इलाके के CCTV चेक किए और मालूम पड़ा कि ये लाश रेणुकास्वामी की है।

तीन लोगों ने किया सरेंडर

जांच के दौरान, तीन लोगों ने सरेंडर कर दिया और कहा कि उन्होंने पैसों के लेनदेन के कारण रेणुकास्वामी की हत्या कर दी। हालांकि, आगे की जांच में जैसे-जैसे पत्ते खुले, तो जांच की आंच दर्शन तक पहुंच गई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच में कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और पूछताछ में इन्होंने कई राज खोले। सूत्रों के मुताबिक, इन्हीं के दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने अभिनेता दर्शन को हिरासत में लिया है। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि क्या अभिनेता सीधे तौर पर हत्या में शामिल थे, या वो साजिश का हिस्सा थे।

पुलिस ने एक्टर दर्शन, एक्ट्रेस पवित्रा समेत इस पूरे मामले में करीब 10 से 11 लोगों को गिरफ्तार किया और उनसे पूछताछ जारी है।

दर्शन का विवादों से रहा पुराना नाता

दर्शन थुगुदीपा का विवादों से पुराना नाता रहा है। साल 2011 में दर्शन पहली बार विवादों में तब आए, जब उनकी पत्नी ने उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद एक्टर को 14 दिन न्यायिक हिरासत में रहना पड़ा था। साल 2016 में फिर एक बार दर्शन की पत्नी ने ‘आपत्तिजनक व्यवहार’ की शिकायत करते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया।

साल 2021 में एक्टर पर मैसूर के एक होटल में मारपीट का आरोप भी लगा था। 2023 में, दर्शन को तब गिरफ्तार किया, जब उनके कुत्ते ने एक शख्स को काट लिया था। 48 साल के एक वकील ने आरोप लगाया था कि उसने अभिनेता के घर के पास अपनी कार पार्क कर दी थी, जिससे नाराज दर्शन अपने कुत्तों से उस पर हमला कराया था।

2023 में ही देवी लक्ष्मी के बारे में आपत्तिजनक बयान देकर आक्रोश भड़काने के लिए अभिनेता की आलोचना की गई थी। अपनी फिल्म 'क्रांति' का प्रचार करते हुए उन्होंने माता लक्ष्मी को लेकर विवादित बयान दिया था। इस टिप्पणी के कारण धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर लोग काफी नाराज हुए। एक प्रोग्राम में तो एक दर्शक ने स्टार पर चप्पल तक फेंक दी थी।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/oGEgw8O
via

No comments:

Post a Comment