Saturday, October 5, 2024

Haryana J&k exit polls results: 5 बार एग्जिट पोल के नतीजे गलत साबित हो चुके हैं

करीब दो घंटे बाद आपको जम्मू एवं कश्मीर और हरियाणा में बनने वाली नई सरकार का अंदाजा लग जाएगा। हरियाणा में एक चरण में होने वाली वोटिंग शाम 6 बजे खत्म हो जाएगी। जम्मू एवं कश्मीर में पहले ही तीन चरणों में वोटिंग हो चुकी है। 6 बजने के आधे घंटे बाद मीडिया में एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो जाएंगे। एग्जिट पोल के नतीजे वोटर्स के वोटिंग पैटर्न पर आधारित होते हैं। एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियों के नतीजों में फर्क होता है। सबसे बड़ी बात यह कि ये सिर्फ चुनावों के फाइनल नतीजों के बारे में संकेत भर होते हैं। इनके सही होने की गारंटी नहीं होती। अब तक कई एग्जिट पोल के नतीजे पूरी तरह से गलत साबित हो चुके हैं।

लोकसभा चुनाव 2024

सबसे ताजा उदाहरण इस साल हुए लोकसभा के चुनाव हैं। करीब 12 एजेंसियों के एग्जिट पोल के नतीजों में NDA की बड़ी जीत का अनुमान लगाया गया था। उनका यह भी अनुमान था कि BJP को अपने दम पर सरकार बनाने के लिए न्यूनतम सीटों के मुकाबले काफी ज्यादा सीटें मिलेंगी। लेकिन, ये अनुमान गलत साबित हुए। NDA को सरकार बनाने लायक सीटें तो मिलीं। लेकिन, एग्जिट पोल में जिस संख्या का अनुमान लगाया गया था, उसके मुकाबले असल संख्या काफी कम थी।

इंडिया टुडे-एक्सिस माइ इंडिया ने एनडीए को 361-401 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। न्यूज 24-चाणक्य ने एनडीए के लिए 400 सीटों का अनमान लगाया था। एबीपी न्यूज-सी वोटर ने एनडीए को 353-383 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। लेकिन, असल नतीजों में BJP और एनडीए की सीटों की संख्या अनुमान के मुकाबले काफी कम रही। लोकसभा चुनावों में '400 पार' का नारा देने वाली BJP को अपने दम पर सरकार बनाने लायक सीटें नहीं मिलीं। एनडीए को 293 तो BJP को सिर्फ 240 सीटें मिल सकीं। उधर, कांग्रेस की अगुवाई वाले इंडिया ब्लॉक को 235 सीटें मिल गईं, जो कई एजेंसियों के अनुमान से ज्यादा थीं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023

पिछले साल छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनावों में ज्यादातर एजेंसियों ने कांग्रेस और BJP के बीच कांटे का लड़ाई का अनुमान एग्जिट पोल में लगाया था। कुछ एग्जिट पोल के नतीजों में तो दोबारा कांग्रेस की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया था। लेकिन, चुनाव के नतीजें आए तो BJP ने कांग्रेस को सत्ता से बेदख कर दिया। इसका मतलब है कि एग्जिट पोल के नतीजे गलत साबित हुए। BJP कुल 90 विधानसभा सीटों में से 54 जीतने में सफल रही।

यूपी विधानसभा चुनाव 2017

उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 500 और 1000 रुपये के नोटों पर रोक लगाने के ठीक बाद हुए थे। ज्यादातर एग्जिट पोल के नतीजों में यूपी में खंडित जनादेश का अनुमान व्यक्त किया गया था। लेकिन, विधानसभा चुनावों के नतीजों ने एग्जिट पोल को गलत साबित कर दिया था। राज्य में विधानसभा की कुल 403 सीटों में से 325 सीटें BJP को मिली थीं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021

पश्चिम बंगाल में 2021 में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों ने भी एग्जिट पोल के नतीजों को गलत साबित किया था। ज्यादातर एग्जिट पोल के नतीजों में 294 सीटों वाली विधानसबा चुनावों में BJP को ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। इंडिया टुडेज एक्सिस माइ इंडिया के एग्जिट पोल में बीजेपी को 134-160 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। उसे टीएमसी को 130-156 सीटें मिलने की उम्मीद जताई थी। रिपब्लिक टीवी-सीएनएक्स के एग्जिट पोल में बीजेपी को 138-148 सीटें मिलने का संकेत दिया गया था। लेकिन, बीजेपी राज्य में सिर्फ 77 सीटें जीत सकी थी। TMC ने शानदार जीत के साथ तीसरी बार राज्य में सरकार बनाई।

यह भी पढ़ें: Haryana Exit Poll 2024: कब और कहां देखें हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे?

बिहार विधानसभा चुनाव 2020

2020 में हुए बिहार के विधानसभा चुनावों में ज्यादातर एजेंसियों ने राष्ट्रीय जनता दल की अगुवाई वाले गठबंधन की जीत का अनुमान लगाया था। इंडिया टुडे-एक्सिस माइ इंडिया और टुडेज चाणक्या ने राजद गठबंधन की जीत का अनुमान लगाया था। लेकिन, असल नतीजों में बीजेपी-जदयू के गठबंधन को राज्य में जीत मिली थी। हालांकि, 324 सीटों वाली विधानसभा में सबसे ज्यादा 75 सीटें राजद जीतने में सफल रही थी।



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/am6sFnd
via

No comments:

Post a Comment