Friday, June 14, 2024

MC Pro Election पोर्टफोलियो ने दिया निफ्टी से ज्यादा रिटर्न, क्या चुनावों के बाद इसमें बदलाव की जरूरत है?

इस साल अंतरिम बजट के बाद एमसी प्रो इलेक्शन पोर्टफोलियो बनाया गया था। इसे तैयार करने में नए चरण के रिफॉर्म्स की संभावनाओं को ध्यान में रखा गया था। लोकसभा चुनावों के बाद केंद्र में नई सरकार बन चुकी है। उम्मीद है कि सरकार की पॉलिसी में बदलाव नहीं दिखेगा। हालांकि, गठबंधन सरकार होने की वजह से कुछ नई मजबूरियां हो सकती हैं। इस साल 5 फरवरी को प्रो इलेक्शन पोर्टफोलियो जारी हुआ था। तब से इसने 20 फीसदी रिटर्न दिया है। यह निफ्टी के रिटर्न से 13.5 फीसदी ज्यादा है।

कुछ स्टॉक्स के बेहतर ऑप्शन उपलब्ध

एमसी प्रो इलेक्शन पोर्टफोलियो के कुछ स्टॉक्स में निवेश कई साल तक बनाए रखा जा सकता है। साथ ही दो ऐसे स्टॉक्स हैं, जिनमें अच्छी तेजी आ चुकी है और अब उनसे बेहतर विकल्प उपलब्ध हैं। उदाहरण के लिए हमारा रुख अब भी LIC पर पॉजिटिव है। लेकिन, हमें Medi Assist ज्यादा पसंद है, क्योंकि यह हेल्थ इंश्योरेंस सेक्टर का अच्छा विकल्प है। मेडी असिस्ट इस साल जनवरी में स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट हुई थी।

Medi Assist एक थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर (TPA) है। इसके रेवेन्यू का बड़ा हिस्सा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों के प्रीमियम अंडर मैनेजमेंट से जुड़ा है। इसलिए इस स्टॉक में निवेश हेल्थ इंश्योरेंस इंडस्ट्री की ग्रोथ का फायदा उठाने में मददगार हो सकता है। Heritage Foods का स्टॉक सातवें आसमान पर पहुंच गया है। चुनाव के नतीजों के बाद इसमें ज्यादा तेजी आई है। इस स्टॉक में आई जबर्दस्त तेजी के बाद इसमें निवेशक मुनाफावसूली कर सकते हैं।

Data Patterns

यह कंपनी डिफेंस सेक्टर में मौजूदा मौकों का फायदा उठाने की अच्छी स्थिति में है। इसका प्रोजेक्ट पूरा करने का अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड है। यह अपने प्रोडक्ट-मिक्स में सुधार कर रही है। हाल में इसे बहुत अच्छे ऑर्डर्स मिले हैं। करेंट बैकलॉग करीब 1,200 करोड़ रुपये का है। यह कंपनी की सालाना रेवेन्यू का दोगुना है। ऐसे में कंपनी की अर्निंग्स को लेकर तस्वीर साफ है।

Deccan Cements

यह सीमेंट बनाने वाली छोटी आकार की कंपनी है। यह अपनी क्षमता विस्तार के अंतिम चरण में है। आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सरकार बनने के बाद इस कंपनी के लिए संभावनाएं बढ़ी हैं, क्योंकि अमरावती प्रोजेक्ट के फिर से शुरू होने से सीमेंट की मांग बढ़ेगी। आंध्र के मार्केट में कंपनी मजबूत स्थिति में है।

Global Health (Medanta)

यह देश की सबसे बड़ी हॉस्पिटल चेन में से एक है। सरकार ने हेल्थकेयर पर फोकस बढ़ाया है, जिसका फायदा ग्लोबल हेल्थ को मिल सकता है। यह कंपनी दिल्ली-एनसीआर में मजबूत पैठ बनाने के बाद लखनऊ, पटना, रांची और इंदौर जैसे टियर 2 शहरों पर अपना फोकस बढ़ा रही है। कंपनी करीब 1,250 बेड्स जोड़ने जा रही है। इससे अगले कुछ सालों में इसकी क्षमता 55 फीसदी तक बढ़ जाएगी।

L&T

इस कंपनी को इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार के खर्च बढ़ाने का फायदा मिलेगा। इसका फोकस घरेलू बाजार के साथ ही मिडिल ईस्ट मार्केट पर है। इसकी आईटी और फाइनेंशियल सब्सिडियरी कंपनियों का प्रदर्शन अच्छा है। इसका फायदा भी कंपनी को मिलेगा।

Royal Orchid Hotels

होटल इंडस्ट्री अभी तेजी के साइकिल में है। उम्मीद है कि अगले कुछ सालों तक यह तेजी जारी रहेगी। रूम्स की सप्लाई डिमांड के मुकाबले कम रहने की उम्मीद है। रेवेन्यू शेयर/लीज्ड बेसिस पर होटल की संख्या बढ़ने से कंपनी की अर्निंग्स ग्रोथ अच्छी रहने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: Vodafone का बड़ा प्लान, Indus Towers में बेच देगी अपनी पूरी हिस्सेदारी

SBI

यह देश का सबसे बड़ा बैंक है। हाल में शेयरों में आई तेजी के बावजूद इसमें अच्छी ग्रोथ जारी रहने की संभावना है। बैंक के रिटर्न ऑन एसेट्स में अच्छा इम्प्रूवमेंट हुआ है। सरकार के पूंजीगत खर्च बढ़ाने का फायदा बैंक को मिलेगा। एसबीआई क्रेडिट की अच्छी मांग का फायदा उठाने की स्थिति में है।

mc pro portfolio



from HindiMoneycontrol Top Headlines https://ift.tt/VTI1NnP
via

No comments:

Post a Comment